करोड़ों रुपये की नकदी जमीन में छिपाकर रखने का मामला सामने आने के बाद जांच एजेंसियां लगातार छानबीन कर रही हैं। मकान के भीतर चार और बंद बक्से मिलने की चर्चा से मामला और पेचीदा हो गया है। हालांकि, बक्से मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और बरामद रकम की कुल मात्रा भी अभी स्पष्ट नहीं है।
प्रयागराज के नवाबगंज क्षेत्र के बरईपुर गांव में बुधवार देर शाम एक मकान के भीतर जमीन में गाड़े गए तीन ड्रमों से 500 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुई थीं। पुलिस के मुताबिक, करोड़ों की यह नकदी कई बार में पुणे से प्रयागराज लाई गई थी। रकम किसके माध्यम से और किन साधनों से लाई गई, इसकी पड़ताल के लिए पुलिस की एक टीम पुणे रवाना की गई है। मकान के भीतर शुक्रवार को भी जांच और खोदाई जारी रही। पुलिस, आयकर विभाग और बैंक अधिकारियों की टीमें नकदी के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। जमीन के नीचे और कितनी नकदी या अन्य सामान छिपा है, इसका पता लगाने के लिए ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार का इस्तेमाल किया जा रहा है। चार बंद बक्से मिलने की चर्चा
मकान के भीतर चार और बंद बक्से मिलने की चर्चा सामने आई। हालांकि, किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। बक्सों के भीतर क्या है, इस संबंध में भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मकान के चारों ओर छह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनका लाइव प्रसारण नवाबगंज थाने और पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंच रहा है। तलाशी अभियान में खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई। पुणे से नकदी लाने की पड़ताल
पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद नकदी एक बार में नहीं, बल्कि कई बार में पुणे से प्रयागराज लाई गई थी। पुलिस संबंधित लोगों के संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। मकान में आयकर विभाग के छह अधिकारी तथा बैंक के दो अधिकारी और दो कर्मचारी मौजूद रहे। खोदाई के लिए 12 मजदूर लगाए गए हैं।
नकदी का स्रोत और स्वामित्व जांच के घेरे में
बुधवार को बरईपुर गांव में राकेश यादव के मकान से तीन ड्रम बरामद हुए थे। पुलिस के अनुसार, राकेश का भाई बबलू यादव कई वर्षों से पुणे में रहता था और राकेश भी उसके पास आता-जाता था। वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान राकेश अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ गांव लौटा था। पुलिस इस अवधि और नकदी के बीच संभावित संबंध की जांच कर रही है। राकेश यादव ने पुलिस को दिए बयान में बरामद नकदी को अपना मानने से इनकार किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किसकी है और उसे जमीन में क्यों छिपाया गया था। जमीन के भीतर छिपी वस्तुओं की तलाश
ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार तकनीक के जरिए जमीन के नीचे मौजूद वस्तुओं का पता लगाया जाता है। रेडियो तरंगों के संकेतों का विश्लेषण कर छिपी वस्तुओं की स्थिति और गहराई का अनुमान लगाया जा सकता है। जांच एजेंसियां इस तकनीक की मदद से मकान के भीतर और आसपास संभावित छिपे हुए सामान की तलाश कर रही हैं। जांच एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस, आयकर विभाग और बैंक अधिकारियों की टीमें नकदी की गिनती, उसके स्रोत और संभावित लेनदेन की जांच कर रही हैं। डीसीपी गंगापार सोनम कुमार के अनुसार, रकम को लाने और छिपाने में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।