सिपाही पति से जुड़ी मांग को लेकर एक महिला ने टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किए।
रामपुर के भोट थाना क्षेत्र के सनकरा गांव के पास शनिवार सुबह एक महिला रामपुर-काठगोदाम हाईवे किनारे लगे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गई। महिला टावर के बीचोंबीच पहुंचकर आत्महत्या की धमकी देने लगी। उसने रामपुर में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को अपना पति बताते हुए उसे मौके पर बुलाने की मांग की।
महिला को टावर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक महिला को समझाया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। बाद में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह त्यागी ने मोबाइल फोन पर महिला से बातचीत की। उन्होंने उसकी समस्या सुनने और उचित समाधान कराने का भरोसा दिया। इसके बाद महिला दोपहर करीब ढाई बजे सुरक्षित नीचे उतर आई। सुबह 11 बजे से दोपहर ढाई बजे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस महिला को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस ने शुरू की पूछताछ
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह त्यागी के अनुसार, महिला से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस उसकी मांग और कांस्टेबल से संबंधित विवाद के बारे में भी जानकारी ले रही है। मौके पर जुटी रही भीड़
महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस की समझाइश और बातचीत के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।