बाँदा-मिशन शक्ति के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राएं सम्मानित

SHARE:

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राओं को सम्मानित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत सोमवार को पुलिस लाइन में महिला सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर प्रतिज्ञा सिंह ने शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने और समाज में विशिष्ट पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में भागवत प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डीआर पब्लिक इंटर कॉलेज, सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी, रामेश्वरम प्रसाद इंटर कॉलेज और हर्बल क्लब सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की छात्राओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने छात्राओं को मिशन शक्ति के उद्देश्यों, महिला सुरक्षा, अधिकारों, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा के प्रति सजग रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच पुलिस की मदद लेने की अपील की।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम में छात्राओं को आपातकालीन पुलिस सेवा 112, वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 और अग्निशमन सेवा 101 की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश
कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक बेलास यादव सहित विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं, शिक्षक और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से बालिकाओं का मनोबल बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को सम्मान देने और समाज में महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण बनाने का संदेश दिया गया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई