समाज की एकजुटता, शिक्षा और युवाओं की सामाजिक भागीदारी को लेकर विशाल प्रजापति प्रबुद्ध महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज को शैक्षिक, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने तथा युवाओं एवं महिलाओं को आगे बढ़ाने पर वक्ताओं ने जोर दिया।
शिक्षा और युवाओं की भागीदारी पर जोर
अखिल भारतीय प्रजापति कुंभकार महासभा फोरम के तत्वावधान में बिलासपुर-जेवर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित प्रजापति प्रबुद्ध महासम्मेलन की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल प्रजापति ने की। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति तथा विशिष्ट अतिथि जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष मंगेश प्रजापति एवं सुभाष तोमर ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य द्वार पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल प्रजापति सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके बाद महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। परम पूज्य सिद्धगिरि महाराज एवं दर्शनगिरि महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि धर्मवीर प्रजापति ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों का पुष्पवर्षा एवं 51 किलो की माला से स्वागत-अभिनंदन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए धर्मवीर प्रजापति ने समाज की एकजुटता का आह्वान करते हुए युवाओं को शिक्षा और सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों के साथ अन्याय या अत्याचार की स्थिति में वे मदद के लिए आगे आएंगे और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने प्रजापति समाज के युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए समाज के सृजनात्मक और रचनात्मक योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने समाज और राष्ट्र निर्माण में प्रजापति समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। संघर्ष और सकारात्मक सोच का दिया संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रामपाल प्रजापति ने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ रचनात्मक दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके अच्छे कर्मों और संघर्ष से बनती है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिक्षा से समाज में ज्ञान, संस्कार और जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने सामाजिक कार्य करने वाले लोगों का सहयोग करने तथा उनका विरोध न करने की अपील की। साथ ही समाज को अपने हक, अधिकार, हिस्सेदारी और भागीदारी के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
रामपाल प्रजापति ने युवाओं से गांव-गांव और नगर-नगर सामाजिक नेतृत्व विकसित करने तथा समाज की समस्याओं और अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को सामाजिक रूप से सक्रिय होकर समाज के विकास में योगदान देना चाहिए। संगठन के पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
सम्मेलन में महासभा फोरम के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव डॉ. सुरजीत प्रजापति, प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार प्रजापति, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बासुदेव प्रजापति, तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष आनंद प्रजापति, राष्ट्रीय संरक्षक कानाराम प्रजापति, महिला मोर्चा की प्रेमलता प्रजापति, गौरी प्रजापति, राधा प्रजापति, बीना प्रजापति सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रमोद कुमार प्रजापति, सुनील कुमार प्रजापति, बच्चन सिंह प्रजापति, सुरेंद्र प्रजापति, जागरतन प्रजापति, सतीश प्रजापति, दिनेश कुमार प्रजापति, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक राजेंद्र आर्य, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पन्नालाल प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाजबंधु मौजूद रहे।