एलएलबी की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय युवक ने शनिवार सुबह सूने घर में रस्सी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी जलसेन ने बताया कि उसका छोटा भाई दीपक पुत्र राजा शनिवार सुबह घर में अकेला था। उसकी मां खेत गई थी, जबकि छोटी बहन दूसरे घर गई थी। इसी दौरान सूना मौका पाकर दीपक ने कमरे के अंदर छप्पर की धन्नी में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। काफी देर बाद परिजन घर पहुंचे तो दीपक का शव फंदे पर लटकता देखकर चीख पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के भाई जलसेन ने बताया कि दीपक एकलव्य महाविद्यालय से एलएलबी की तैयारी कर रहा था। उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक द्वारा खुदकुशी किए जाने के कारण का पता नहीं चल सका है।