स्कूल में घुसकर एक युवक ने शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के दौरान स्कूल में 400 से अधिक बच्चे और स्टाफ मौजूद था, जिन्हें घटना के बाद सुरक्षित कमरों में रखा गया।
घटना लखीमपुर खीरी शहर कोतवाली क्षेत्र में सिविल लाइन के पास शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रेंस एकेडमी में सोमवार सुबह करीब 11:10 बजे हुई। पुलिस के अनुसार मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद सऊद अंसारी (28) शिक्षिका निशात फातिमा (26) से मिलने की बात कहकर स्कूल परिसर में दाखिल हुआ था। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद वे पहली मंजिल पर सीनियर केजी कक्षा के बाहर कॉरिडोर में पहुंचे। पुलिस के अनुसार बातचीत के दौरान सऊद ने 315 बोर के तमंचे से शिक्षिका पर गोली चला दी। बचाव में शिक्षिका के भागने पर उसने दोबारा फायर किया। इसके बाद युवक ने खुद की कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ ने बच्चों को सुरक्षित कमरों में पहुंचाया। सूचना पर डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम और शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से दो तमंचे, चार खोखे और एक जिंदा कारतूस मिला। प्रारंभिक जांच में दोनों के परिवारों के एक-दूसरे से परिचित होने और युवक-शिक्षिका के बीच बातचीत होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से शिक्षिका उससे बातचीत नहीं कर रही थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मृतक सऊद अंसारी, उसके पिता कय्यूम अंसारी और कय्यूम की पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में आगे की जांच जारी है। घटनास्थल से बरामदगी
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से दो तमंचे, चार खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस स्कूल में युवक के प्रवेश और वारदात से पहले की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। स्कूल में मौजूद थे सैकड़ों बच्चे
वारदात के समय स्कूल में 400 से अधिक बच्चे और स्टाफ मौजूद थे। गोलियों की आवाज के बाद बच्चों को सुरक्षित कमरों में पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ स्कूल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले।