सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आयुक्त तथा डीआईजी ने 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष मामलों में भी संबंधित अधिकारियों को स्थलीय जांच कर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
शनिवार को तहसील मानिकपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. के साथ पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। आयुक्त अजीत कुमार ने उपजिलाधिकारी मानिकपुर को राजस्व से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन, अवैध अतिक्रमण और भूमि विवाद से संबंधित मामलों का मौके पर स्थलीय सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। शेष शिकायतों का भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निस्तारण की आख्या तीन दिन के भीतर आयुक्त कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाए और ऐसा समाधान कराया जाए जिससे समस्या दोबारा उत्पन्न न हो। राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में दोनों विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर संयुक्त रूप से मौके पर जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि जनसामान्य को त्वरित न्याय और प्रभावी राहत उपलब्ध कराना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। मौके पर 12 शिकायतों का समाधान
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में से 12 का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निस्तारण की गुणवत्ता पर रहेगी नजर
आयुक्त अजीत कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का औपचारिक निस्तारण न किया जाए। प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति की जांच कर शिकायतकर्ता को प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण राहत उपलब्ध कराई जाए। डीआईजी राजेश एस ने पुलिस को निर्देश देते हुए कहा पुलिस से सम्बंधित मामलो का समय से समाधान कराये।