काम से लौट रहे बिजली ठेकेदार की बाइक मवेशी से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक सवार ठेकेदार समेत तीन लोग घायल हो गए। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए ठेकेदार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
औरैया जिले के चिरौली धाम निवासी रमेश चतुर्वेदी के अनुसार उसका 40 वर्षीय भाई प्रभात चतुर्वेदी पुत्र नरेंद्र चतुर्वेदी बांदा में बिजली विभाग में निजी ठेकेदारी का काम करता था। वह शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था। गुरुवार को प्रभात अपने साथ लाइनमैन 24 वर्षीय एजाज पुत्र चुन्नू और उसके 22 वर्षीय भाई सिराज निवासी बरसड़ा बुजुर्ग को लेकर पैलानी काम कराने गया था। काम निपटाने के बाद तीनों बाइक से बांदा लौट रहे थे। पिपराही और अमलोर पुलिया के बीच अचानक बाइक के सामने मवेशी आ गया। बाइक मवेशी से टकराने के बाद सड़क पर गिर गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी जसपुरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने प्रभात चतुर्वेदी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
छह माह से बांदा में रह रहा था
मृतक के भाई रमेश ने बताया कि प्रभात करीब छह माह से बांदा में रहकर विद्युत विभाग में निजी ठेकेदारी का काम कर रहा था। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया।
दो कर्मचारी भी घायल
हादसे में बाइक पर सवार लाइनमैन एजाज और सिराज भी घायल हुए हैं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।