ग्रामीण क्षेत्रों में शाम होते ही की जा रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोला है। पार्टी की ओर से मुख्य अभियंता विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को ज्ञापन सौंपकर अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में जसपुरा ब्लॉक समेत तिंदवारी, बड़ोखर खुर्द और जिले के लगभग सभी ब्लॉकों के ग्रामीण क्षेत्रों में शाम और रात के समय बिजली कटौती का मुद्दा उठाया गया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री विशंभर प्रसाद निषाद ने मुख्य अभियंता को बताया कि रात में बिजली गुल रहने से बरसात के मौसम में अंधेरे के कारण जहरीले कीड़े-मकोड़ों से लोगों की जान को खतरा बना रहता है। बिजली कटौती का असर छात्रों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों को धान की फसल की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है। इसके अलावा जिले में गणेश प्रतिमाएं स्थापित होने के कारण रात में बिजली कटौती से दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कटौती के अलावा उठाईं कई समस्याएं
रात में अंधेरा होने से जहरीले कीड़े-मकोड़ों का खतरा, छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने, धान की सिंचाई में परेशानी और गणेश प्रतिमाओं के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
ज्ञापन देने में पुष्पेंद्र सिंह चुनाले, नंदकिशोर यादव, मनोज यादव आदि मौजूद रहे।