चित्रकूट-खाली प्लॉट में तेज धमाका, सुबह मिला कटा पैर; इलाके में फैली सनसनी

SHARE:

खाली प्लॉट में हुए तेज धमाके के बाद सुबह वहां खून के निशान और व्यक्ति का कटा हुआ अंग मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। विस्फोट की वजह और मौके पर मिले पैर की पहचान को लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है।
चित्रकूट जनपद के पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव में भाजपा नेता जगदीश प्रसाद गौतम के खाली प्लॉट में रविवार रात करीब 11 बजे अचानक तेज धमाका हुआ। रात का समय होने के कारण आसपास के लोग तत्काल बाहर नहीं निकले। सोमवार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी प्लॉट के आसपास खून के निशान दिखाई दिए। अंदर और बाहर तलाश करने पर एक व्यक्ति का कटा हुआ पैर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने भाजपा नेता और पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद पहाड़ी थाना प्रभारी निशिकांत राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे प्लॉट की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के क्षेत्र से भी जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
विस्फोट में किसी के घायल होने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि विस्फोट में कोई व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ या उसकी मौत हुई हो सकती है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि घटना के बाद उसके साथ मौजूद लोग उसे वहां से ले गए हों और पैर घटनास्थल पर ही रह गया हो। हालांकि विस्फोट का कारण और मौके पर मिले मानव अंग की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई