राजधानी में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। जिम ट्रेनर को दो हमलावरों ने घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां मारीं। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र के आया नगर गांव में सोमवार सुबह करीब 10 बजे जिम ट्रेनर विजय को दो हमलावरों ने गोली मार दी। पुलिस के मुताबिक वारदात में करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग हुई। गंभीर रूप से घायल विजय की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। दोनों हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जुटी हैं। अभी आरोपियों के नाम सामने नहीं आए हैं। पुरानी हत्या से जुड़ रहा गैंगवार का कनेक्शन
जांच में यह भी सामने आया है कि आया नगर में पिछले वर्ष एक डेयरी संचालक की हत्या में बड़ी संख्या में गोलियां चलाई गई थीं। उस मामले में आरोपी जेल में हैं। पुलिस को आशंका है कि मौजूदा वारदात में उन्हीं आरोपियों के सहयोगियों की भूमिका हो सकती है। हालांकि इस कड़ी की अभी जांच की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं को खंगाल रही है। इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
वारदात के बाद तनाव को देखते हुए आया नगर गांव में सुरक्षा बल तैनात किया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।