फतेहपुर-पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर चोर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

SHARE:

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से बोलेरो, तमंचे, कारतूस, नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
फतेहपुर जिले में बकेवर थाना पुलिस और क्राइम डिटेक्शन टीम मंगलवार देर रात देवमई नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बोलेरो सवार संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश की पहचान रफीक निवासी कछेवरा, थाना जहानाबाद के रूप में हुई है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान नसीम पुत्र सत्तार उर्फ भुल्ली और जावेद पुत्र नफीस, दोनों निवासी तेजानगर, थाना जहानाबाद के रूप में हुई है। घायल रफीक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बोलेरो, 12,500 रुपये नकद, .315 बोर के दो तमंचे, दो खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, लोहे की एक रॉड और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से बकेवर और औंग थाना क्षेत्र में हाल में हुई चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा हुआ है।
15 से अधिक मुकदमे दर्ज
थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। उनके खिलाफ अलग-अलग थानों और अन्य जिलों में चोरी व लूट के 15 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोकने पर आरोपियों ने फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में रफीक घायल हुआ, जबकि पुलिस टीम ने मौके से नसीम और जावेद को भी पकड़ लिया। बरामद असलहों और अन्य सामान के संबंध में पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment