घर में घुसकर पीतल के बर्तन चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए पीतल के बर्तन बरामद किए हैं। घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस ने शुरू की तलाश
16 अगस्त को पीड़िता रेखा ने थाना कोतवाली देहात में तहरीर देकर बताया था कि चोर उसके घर से पीतल के बर्तन चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डाडिन पुरवा पेट्रोल पंप के पास से लवकुश पुत्र चंद्रभवन निवासी डाडिन पुरवा महोखर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का एक कलश और दो परात बरामद हुए। थानाध्यक्ष कोतवाली देहात संजीव चौबे ने बताया कि वारदात में उमेश पुत्र शिवमोहन निवासी डाडिन पुरवा महोखर भी शामिल था, जो अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। मामले में मु0अ0सं0 225/26, धारा 305(a)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दुर्विजय सिंह, हेड कांस्टेबल बृजकिशोर और कांस्टेबल श्यामसुंदर शामिल रहे।