रोडवेज बस में सोमवार को उस समय खुशियां छा गईं, जब सफर के दौरान गर्भवती महिला ने बच्ची को जन्म दे दिया। अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद चालक ने बस की रफ्तार बढ़ाकर सैंया पहुंचने का प्रयास किया। रास्ते में ही प्रसव हो गया। चालक ने बिना देर किए बस को सीएचसी सैंया के गेट पर रोक दिया, जहां स्वास्थ्यकर्मियों ने जच्चा और नवजात को सुरक्षित भर्ती कर लिया।
आगरा के धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र निवासी नरवेश अपनी गर्भवती पत्नी निर्मला और मां के साथ आगरा से मनियां जाने के लिए झांसी डिपो की रोडवेज बस में सवार हुए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे रास्ते में निर्मला को अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी। हालात को देखते हुए बस चालक भीम सेन ने बस की रफ्तार बढ़ा दी, ताकि महिला को जल्द से जल्द सैंया के स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जा सके। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बस में महिला का प्रसव हो गया और उसने बच्ची को जन्म दिया। चालक ने सीएचसी गेट पर रोकी बस
महिला का प्रसव होने के बाद चालक ने बस को सीधे सीएचसी सैंया के गेट पर रोक दिया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्यकर्मी मौके पर पहुंचे। स्टाफ नर्स राधा कुशवाह और उनकी साथी राधा ने जच्चा और नवजात को बस से उतारकर स्वास्थ्य केंद्र के अंदर पहुंचाया।
स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं। यह महिला की दूसरी डिलीवरी है। उसका चार वर्षीय बेटा भी परिवार के साथ बस में मौजूद था। महिला की हालत बिगड़ने पर चालक ने जिस तत्परता से बस को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया, उसकी लोग सराहना कर रहे हैं। समय पर अस्पताल पहुंचने से मां और नवजात दोनों को सुरक्षित उपचार मिल सका।