मथुरा-गाड़ी रोकने पर सीओ से भिड़े भाजपा विधायक, वीडियो वायरल

SHARE:

मथुरा के वृंदावन में हरियाली तीज के दौरान गाड़ी रोके जाने को लेकर भाजपा विधायक और पुलिस अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। अटल्ला चुंगी के पास बैरियर पर वाहन रोके जाने से नाराज अलीगढ़ की कोल विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अनिल पाराशर पुलिस अधिकारी से भिड़ गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हरियाली तीज के मौके पर वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था के लिए जगह-जगह बैरियर लगाए थे। दूसरे जिलों से भी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र के सीओ अमित पाठक की भी वृंदावन में ड्यूटी लगी थी।
बैरियर पर रोकी विधायक की गाड़ी
अटल्ला चुंगी से पहले एक बैरियर पर भाजपा विधायक अनिल पाराशर की गाड़ी को पुलिस ने रोक लिया। विधायक के सुरक्षाकर्मियों ने पुलिसकर्मियों को बताया कि गाड़ी में विधायक स्वयं मौजूद हैं। इसके बावजूद वाहन रोके जाने पर विधायक नाराज हो गए और गाड़ी से उतरकर सीओ अमित पाठक के पास पहुंच गए।
दोनों के बीच हुई तीखी नोकझोंक
इसके बाद विधायक और सीओ के बीच तीखी बहस होने लगी। वायरल वीडियो में विधायक पुलिस अधिकारी पर कथित तौर पर तानाशाही करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं। वीडियो में विधायक की ओर से पुलिस अधिकारी को अपनी “हैसियत में रहने” की बात कहते हुए भी सुना जा रहा है।
विधायक ने पुलिस पर लगाया अभद्रता का आरोप
विवाद के बाद विधायक अनिल पाराशर ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वह अटल्ला चुंगी स्थित बालाजी आश्रम में अपने परिचित से मिलने जा रहे थे। विधायक का आरोप है कि सीओ ने उनके स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया।
विधायक के मुताबिक, पुलिस को उनके गाड़ी में मौजूद होने की जानकारी दिए जाने के बावजूद वाहन नहीं जाने दिया गया। उनका आरोप है कि सीओ ने उनसे ऐसा व्यवहार किया, जैसे वह उनके दुश्मन हों। विधायक ने बताया कि उन्होंने मामले को लेकर एसएसपी मथुरा से भी बात की थी। बाद में सीओ की ओर से इसे गलतफहमी बताया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई