फर्रुखाबाद-गंगा में स्नान के दौरान एक ही परिवार के तीन समेत चार कांवड़िये डूबे

SHARE:

पांचाल घाट पर सोमवार भोर गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जल भरने से पहले स्नान करने पहुंचे एक ही गांव के चार कांवड़िये गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूबकर लापता हो गए। इनमें एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं। सूचना पर पुलिस, स्थानीय गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और चारों की तलाश शुरू कर दी। दोपहर तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
फर्रुखाबाद के शाहजहांपुर के नयागांव खुदागंज निवासी योगेश (17), उसके चाचा विकास (25), चचेरे चाचा कमल (23) और गांव के अर्जुन (17) रविवार देर रात करीब दस साथियों के साथ पांच बाइकों से कांवड़ लेकर पांचाल घाट पहुंचे थे। सोमवार भोर करीब 4:30 बजे सभी उत्तरी बंधा के पास गंगा में स्नान करने पहुंचे। साथी कांवड़िये बाइकों के पास खड़े हो गए, जबकि योगेश समेत चार युवक गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान चारों गहरे पानी की ओर बढ़ने लगे। घाट पर मौजूद पुलिसकर्मियों और उनके साथियों ने उन्हें गहरे पानी में जाने से रोका, लेकिन वे नहीं माने। कुछ ही देर बाद चारों गहरे पानी में गोते खाने लगे। यह देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन देखते ही देखते चारों गंगा में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान तेज कराया। स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम को भी तलाश में लगाया गया।
तीनों परिवारों में मचा कोहराम
योगेश हाईस्कूल का छात्र था और चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता प्रमोद सक्सेना हैं। वहीं विकास छह भाइयों में सबसे छोटा था और इंटरमीडिएट के बाद आईटीआई कर रहा था। कमल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे की खबर मिलने के बाद परिजन पांचाल घाट पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ सिटी अभय वर्मा के अनुसार गंगा में लापता चारों कांवड़ियों की तलाश जारी है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई