वाराणसी-बाबतपुर एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, दो कर्मचारी घायल

SHARE:

लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह लाइसेंसी पिस्टल की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। गोली फर्श से टकराने के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो कर्मचारियों को जा लगी। हादसे में महिला कर्मचारी की जांघ और पुरुष कर्मचारी का हाथ घायल हुआ। दोनों को हरहुआ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आजमगढ़ निवासी यात्री कमलेश राय को हिरासत में लेकर पिस्टल कब्जे में ले ली।

आजमगढ़ निवासी यात्री मुंबई जाने पहुंचा था
जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय रविवार सुबह करीब पौने दस बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसे उन्होंने सुरक्षा प्रक्रिया के तहत घोषित किया था। उड़ान से पहले हथियार को सील कर सुरक्षित रखने की प्रक्रिया चल रही थी।
मैगजीन निकालते समय दबा ट्रिगर
बताया गया कि पिस्टल की मैगजीन अलग करने के दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली सीधे किसी व्यक्ति को न लगकर पहले फर्श से टकराई और उसके बाद पास में खड़े एयर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारियों को लग गई।
महिला कर्मचारी की जांघ में लगी गोली
हादसे में एयर इंडिया एक्सप्रेस की महिला कर्मचारी की जांघ में गोली लगी, जबकि एक पुरुष कर्मचारी के हाथ को गोली छूती हुई निकल गई। दोनों को तत्काल उपचार के लिए हरहुआ स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
यात्री हिरासत में, जांच शुरू
गोली चलने की घटना से एयरपोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल स्थिति संभालते हुए यात्री कमलेश राय को हिरासत में ले लिया और पिस्टल अपने कब्जे में कर ली। पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि हथियार लोड क्यों था और मैगजीन निकालते समय निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन हुआ था या नहीं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई