बाँदा-ओवरटेक के दौरान दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, नाले में पलटे वाहन

SHARE:

तिंदवारी क्षेत्र में बांदा-फतेहपुर राजमार्ग पर शनिवार तड़के ओवरटेक करना दो ट्रक चालकों के लिए भारी पड़ गया। छापर गांव के हरिहर बाबा आश्रम के पास गिट्टी और ईंट लदे दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे नाले में जाकर पलट गए। हादसे में दोनों ट्रक चालक घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।

आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब चार बजे रायबरेली के लंगड़ाखेरा खीरो निवासी देवराज (45) कबरई से ट्रक में गिट्टी लादकर फतेहपुर की ओर जा रहे थे। वहीं अमेठी के बेदांव पिपरापुर निवासी राजेंद्र यादव (40) फतेहपुर से ट्रक में ईंट लादकर बांदा की ओर आ रहे थे।
छापर गांव के हरिहर बाबा आश्रम के पास देवराज आगे चल रहे ईंट लदे ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे राजेंद्र यादव के ट्रक से उनके ट्रक की सीधी भिड़ंत हो गई। दोनों ट्रकों की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क की पटरी पर बने नाले में जा गिरे और पलट गए। हादसे के दौरान ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी नाले में गिर गई। हालांकि ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और बेंदा के पूर्व प्रधान विवेक सिंह मौके पर पहुंचे। सूचना पर पीआरवी टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके बाद उपनिरीक्षक अंजली पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य कराया। पुलिस ने दोनों घायल चालकों को उपचार के लिए तिंदवारी के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई