देश की आजादी के 79 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को बांदा पुलिस ने 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया। पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पुलिस लाइन परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया। इसके बाद कर्तव्य के दौरान उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाएं देने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पदक, प्रशंसा चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सहायक एसपी मेविस टॉक,सीओ सदर सौरभ सिंह,सीओ नरैनी प्रवीण कुमार, प्रतिसार निरीक्षक बेलास यादव भी मौजूद रहे।
पुलिस कार्यालय से थानों तक शान से लहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने ध्वजारोहण किया। जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों और सर्किल में, थाना प्रभारियों ने थानों तथा चौकी प्रभारियों ने चौकियों पर ध्वजारोहण किया। पुलिसकर्मियों ने लोगों के बीच मिठाई वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति पदक से सम्मानित हुए सहायक रेडियो अधिकारी
मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रपति, गृह मंत्रालय भारत सरकार और पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदान किए गए विभिन्न पदक एवं प्रशंसा चिह्न पुलिसकर्मियों को प्रदान किए।
सहायक रेडियो अधिकारी समर सिंह को राष्ट्रपति की ओर से दीर्घ एवं सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया। उपनिरीक्षक लिपिक वेद प्रकाश को गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से सेवा अभिलेख के आधार पर उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। शौर्य के लिए सीएफओ को स्वर्ण प्रशंसा चिह्न
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. मतलूब हुसैन को शौर्य के आधार पर स्वर्ण प्रशंसा चिह्न प्रदान किया गया। निरीक्षक राजेश चंद्र मिश्रा को सेवा अभिलेख के आधार पर सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न मिला। मुख्य आरक्षी संदीप कुमार को शौर्य के आधार पर सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न तथा आरक्षी चंदन कुमार और जितेंद्र कुमार को शौर्य के आधार पर रजत प्रशंसा चिह्न प्रदान किया गया।
यूपी-112 के 11 जवानों की तत्परता को मिला सम्मान
आपात परिस्थितियों में तत्काल मौके पर पहुंचकर लोगों को सहायता उपलब्ध कराने वाले यूपी-112 के 11 पुलिसकर्मियों को भी उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पीआरवी-8093 के कमांडर अमन सिंह और पायलट कैलाश चंद्र, पीआरवी-5465 के कमांडर अमरेन्द्र मिश्रा, सब-कमांडर रोहित कुमार और पायलट सूरज को सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र मिला।
वहीं पीआरवी-5045 के कमांडर पीयूष यादव, शिवगोपाल मिश्र और बृजपाल सिंह तथा चालक मनभावन, मिथुन चक्रवर्ती और सुशील कुमार को उत्कृष्ट रिस्पांस टाइम के लिए सम्मानित किया गया। शहीद परिवारों का सम्मान, पुलिसकर्मियों को दिलाया कर्तव्य का संकल्प
समारोह में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारजनों को भी सम्मानित किया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और न्याय की भावना को मजबूत करना भी है। पुलिसकर्मी जनता के साथ ईमानदारी और संवेदनशीलता से पेश आएं और हर परिस्थिति में अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।
सम्मान से बढ़ा जवानों का हौसला
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पदक और प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों के चेहरों पर गर्व और उत्साह दिखाई दिया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे सम्मान पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं और विभाग में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन तथा उत्कृष्ट सेवा की भावना को और मजबूत करते हैं।