इंटरवेल के बाद छात्रों के दो गुट आपस मे भिड़ गए। दोनों पक्षो में मारपीट हो गई। चाकू लगने से तीन छात्र घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर एसपी अस्पताल पहुंची। जहां उन्होंने जानकारी ली।
शहर के द्रोपदी देवी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को इंटरवल के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद चाकूबाजी में कक्षा नौ और दस के तीन छात्र घायल हो गए, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और कर्मचारियों ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कक्षा 11 के दो छात्रों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसे कॉलेज प्रशासन ने शांत करा दिया था, लेकिन शुक्रवार को इंटरवल के दौरान विवाद फिर भड़क गया और चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना में घायल छात्रों में सूर्या सोलंकी, आर्यन सोलंकी और भविष्य माथुर शामिल हैं। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल लेने के साथ पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना के कारणों के साथ स्कूल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी पड़ताल की जा रही है।