बाँदा-फर्जी दस्तावेजों के सहारे कराता था आरोपियों की जमानत, गैंग का सरगना गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार

SHARE:

जेल में बंद आरोपियों की फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमानत कराने वाले एक संगठित गिरोह के सरगना को चिल्ला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत करता था और इसके एवज में मोटी रकम वसूलता था। अभियुक्त गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिल्ला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इन्द्रानगर, कोतवाली नगर क्षेत्र से शिवस्वरूप उर्फ मास्टर पुत्र शिवलाल को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से थाना तिंदवारी क्षेत्र के ग्राम भिडौरा का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार शिवस्वरूप अपने साथियों के साथ मिलकर एक ही खतौनी का बार-बार उपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। इन्हीं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जेल में निरुद्ध अभियुक्तों की जमानत कराई जाती थी। इस अवैध कारोबार से आरोपी अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा था। मामले का खुलासा होने पर थाना तिंदवारी में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मारपीट, कूटरचना, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं सहित सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी टीम में थाना चिल्ला थानाध्यक्ष आनन्द कुमार साहू,कांस्टेबल सचिन कुमार, कांस्टेबल कौशल एवं महिला कांस्टेबल हेमलता शामिल रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई