बाँदा-महिलाओं और बच्चों के खिलाफ साइबर अपराध रोकने को अफसरों को किया जागरूक

SHARE:

पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर जागरूकता एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बाल संरक्षण से जुड़े संस्थानों के प्रतिनिधियों को साइबर अपराधों की पहचान, जांच और कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी गई।
साइबर क्राइम टीम ने बैठक में OCWC, NCMEC, Cyber Tipline एवं CSEAM से संबंधित विषयों पर प्रस्तुति दी। एएसपी शिवराज के द्वारा अधिकारियों को बताया गया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से तैयार की जा रही फर्जी फोटो और वीडियो, महिलाओं एवं बालिकाओं की आपत्तिजनक तस्वीरों व वीडियो का प्रसार, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग तथा साइबर उत्पीड़न जैसे मामलों में किस प्रकार त्वरित कार्रवाई की जाए। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि Cyber Tipline एवं NCMEC से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
बैठक में जनपद के सभी थानों की महिला पुलिस अधिकारी, एएचटी, एसजेपीयू, बाल कल्याण अधिकारी, आरपीएफ, जीआरपी, जेजेबी, चाइल्डलाइन, वन स्टॉप सेंटर तथा विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके साथ ही एएसपी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दें। एएसपी शिवराज ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध साइबर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई