लक्ष्य के सापेक्ष कार्य सबसे खराब पाए जाने पर मुख्य सेविकाओं को सीडीओ ने एक सप्ताह के अंदर प्रगति सुधारने के निर्देश दिए हैं। कार्य में सुधार न होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के विरुद्ध कार्यवाही की भी सीडीओ ने चेतावनी दी है।
मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय द्वारा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अन्तर्गत संचालित कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान अनुपूरक पुष्टाहार के वितरण की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने नैफेड एवं एनआरएलएम टीएचआर प्लांट से निर्धारित समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से समयबद्ध वितरण कराने के सख्त निर्देश दिए।पोषण ट्रैकर ऐप पर ० से ५ वर्ष के बच्चों की वृद्धि निगरानी फीडिंग,आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों द्वारा गृह भ्रमण फीडिंग,वीएचएसएनडी फीडिंग,टीएचआर वितरण फीडिंग तथा आभा आईडी की अद्यतन स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। सीएम डैशबोर्ड में खराब प्रगति वाले मामलों पर चर्चा करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे सैम बच्चों की सूची तैयार कर प्रत्येक दो दिन के अंतराल पर अद्यतन फीडिंग करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में विकास खण्ड कमासिन की प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष सबसे खराब पाए जाने पर मुख्य सेविकाओं को एक सप्ताह के अंदर प्रगति सुधारने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में सुधार न होने पर संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के विरुद्ध नोटिस जारी कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इस संबंध में प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी को कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय ने सभी अधिकारियों एवं कार्यकर्त्रियों को पोषण संबंधी योजनाओं को प्रभावी,गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से क्रियान्वित करने निर्देश दिए। बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी,जिला समन्वयक,मुख्य सेविका एवं ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।