भाजपा विधायक रथिंद्र बोस को निर्विरोध पश्चिम बंगाल का विधानसभा अध्यक्ष चुन लिया गया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा को शुक्रवार को नया स्पीकर मिल गया। भाजपा विधायक रथिंद्र बोस को निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। वह आजादी के बाद पहली बार उत्तर बंगाल से आने वाले ऐसे विधायक बने हैं, जिन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा के स्पीकर पद की जिम्मेदारी संभाली है। विधानसभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रथिंद्र बोस के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद प्रोटेम स्पीकर तपस रॉय ने ध्वनिमत से मतदान कराया। सदन में मौजूद सभी 207 भाजपा विधायकों ने बोस के समर्थन में आवाज उठाई, जिसके बाद उन्हें आधिकारिक तौर पर विधानसभा अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। कूचबिहार से हैं विधायक रथिंद्र बोस
रथिंद्र बोस कूचबिहार दक्षिण सीट से विधायक हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें 18वीं पश्चिम बंगाल विधानसभा के स्पीकर पद के लिए भाजपा उम्मीदवार घोषित किया था। वहीं, विपक्षी तृणमूल कांग्रेस ने इस पद के लिए कोई उम्मीदवार नहीं उतारा, जिससे बोस का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया था। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की थी। ऐसे में पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण बोस का स्पीकर बनना सिर्फ औपचारिकता माना जा रहा था।राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, उत्तर बंगाल से किसी विधायक को स्पीकर बनाना भाजपा का एक बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। पिछले एक दशक में उत्तर बंगाल बीजेपी का मजबूत गढ़ बनकर उभरा है और पार्टी इस क्षेत्र को विशेष महत्व देती रही है।