मामूली विवाद को लेकर बर्फ विक्रेता की गला काटकर हत्या कर दी। लोगों ने देखा तब हड़कम्प मच गया।
बाराबंकी जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र के तराई इलाके में शनिवार को दिलदहला देने वाली वारदात सामने आई। परसवाल गांव के पास दिनदहाड़े एक बर्फ विक्रेता की धारदार हथियार से सिर काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के अनुसार, पारा बेहटा गांव निवासी बबलू (21) रोज की तरह शनिवार दोपहर बर्फ बेचने निकले थे। इसी दौरान परसवाल गांव के पास उनकी वहां के निवासी शंकर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि शंकर ने धारदार हथियार से हमला कर बबलू का सिर धड़ से अलग कर दिया। वारदात इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोग जान बचाकर भाग खड़े हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शंकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही घटना का राजफाश किया जायेगा।