किसी बात को लेकर पत्नी से फोन पर हुई कहासुनी के बाद नाराज अधेड़ ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार बिसंडा थाना क्षेत्र के मझीवा सानी गांव निवासी 54 वर्षीय रामप्रताप पुत्र छेदिया ने गुरूवार की शाम जहर खा लिया। अचानक जब उसकी हालत बिगड़ी,तब मामले की जानकारी हो सकी। आनन फानन में तत्काल उसे पीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरो ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर घरवालो ने उसे रानी दुर्गावती मेंडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान रात में उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पड़ोसी रामबाबू वर्मा ने बताया कि रामप्रताप अपनी पत्नी चमेलिया तथा बच्चों के साथ ईटा की पथाई करने लखनऊ गया था। सप्ताह भर पहले खेत में खड़ी फसल की कटाई करने के लिए वह गांव आया था। पत्नी और पुत्र लखनऊ में ही थे। गुरूवार की शाम घरेलू बातो को लेकर फोन पर उसका पत्नी से विवाद हो गया था। इसी से नाराज होकर उसने जहरीला पदार्थ खा कर आत्महत्या कर ली है।