ट्रैक्टर से कुचलकर बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। पुलिस वाहन के साथ चालक की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार मटौध थाना क्षेत्र के अचारन थोक निवासी 65 वर्षीय चिरौची लाल पुत्र जबरा माली गिरी का काम करता था। वह रविवार की शाम बाइक से मध्यप्रदेश के खड्डी गांव जा रहा था। तभी चमरहा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दिया। जिससे वह बाइक से गिर गया और ट्रैक्टर के पहिया के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भतीजे विजय ने बताया कि चिरौजी लाल माली गिरी का काम करता था। किसी काम से खड्डी गाँव जा रहा था। तभी रास्ते में वह हादसे का शिकार हो गया।