विद्यालयों में दौड़ रहे खटारा वाहनों पर डीएम ने शिकंजा कसा है। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि 15 साल से अधिक पुराने वाहन अब उपयोग में नहीं लाये जाएंगे। साथ ही वाहनों के फिटनेस चेक करने के लिए भी निर्देशित किया है।
जिलाधिकारी जे0रीभा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में डीएम ने शासन द्वारा सड़क सुरक्षा कार्यों हेतु तीन लाख की धनराशि से चिन्हित किये गये दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर साइनबोर्ड एवं सीसीटीवी कैमरों चारों चैराहों पर लगाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने दुर्घटना बाहुल्य स्थल महोखर,तिन्दवारी,मुंगुस, ग्राम माटा एवं बेंदाघाट पर साइनेज लगाये जाने तथा रम्बल स्ट्रिप लगाये जाने के निर्देश दिये। डीएम ने 15 वर्षों से अधिक समय की बसों का संचालन स्कूलों में नही किये जाने तथा स्कूली वाहनों का फिटनेस कराये जाने के निर्देश सम्भागीय परिवहन अधिकारी को दिये। इसी के साथ उन्होंने स्कूली प्राइवेट वाहन तथा ई-रिक्शा के संचालन पर ओवरलोड बच्चों को न ले जाने के सम्बन्ध में भी निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने हिट एण्ड रन के प्रकरणों पर शीघ्र कार्यवाही किये जाने तथा मृतक तथा घायल वारिसानों को ओरियेन्टल इंडिया काॅर्पोरेशन से सहायता धनराशि दिलाये जाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने मार्गों एवं सड़कों पर ट्रक न खडे किये जाने तथा ट्रक एवं बडे वाहनों को होल्डिंग एरिया/ढाबों में खडे किये जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने राहवीर योजना का प्रचार-प्रसार कराये जाने के निर्देश दिये। परिवहन विभाग द्वारा सडक दुर्घटनाओं में कमी लाये जाने के लिए पुलिस विभाग से बिना सीटबेल्ट व हेलमेट की सघन चेकिंग किये जाने के निर्देश दिये। जिसके अन्तर्गत बताया गया कि 3730 बिना हेल्मेट व 382 बिना सीटबेल्ट के चालान गत माह में किये गये हैं। उन्होंने ओवर लोड वाहनों के विरूद्ध कडी प्रवर्तन कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। जिसमें बताया गया कि 134 ओवरलोड वाहनों के प्रति प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए 71.21 लाख रूपये प्रसमन शुल्क वसूल किया गया है। विद्यालयों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम संचालित किये जाने तथा जनता इण्टर काॅलेज अतरहट में सडक सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये। डीएम जे रीभा ने महाराणा प्रताप चैराहे एवं श्रीनाथ बिहार के पास विद्युत तारों को ऊंचा करने की कार्यवाही दो माह में पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने संकट मोचन रोड पर विद्युत पोल को हटाये जाने तथा कालूकुआं चैराहे पर अतिक्रमण हटाये जाने एवं एआरटीओ कार्यालय के मध्य दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु कार्यवाही करने के निर्देश दिये। यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने हेतु तिन्दवारी कस्बे में बाईपास रोड पर सब्जीमण्डी सिफ्ट किये जाने के निर्देश दिये। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज,सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टाॅक, सम्भागीय परिवहन अधिकारी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित समबन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।