हाथ की कलाई में सुसाइड नोट लिखकर युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घर वालों ने जब शव लटका देखा, तब उन्हें घटना की जानकारी हो सकी।
जसपुरा थाना क्षेत्र के नादन मऊ गांव निवासी लक्ष्मी उम्र 18 वर्ष पुत्री नंदकिशोर ने शुक्रवार की सुबह सूने घर में पंखा के हुक में दुपटटा के सहारे फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चचेरी भतीजी रूबी लक्ष्मी को नास्ता लेकर खेत चलने के लिए बुलाने आई। तब अंदर से दरवाजे बंद थे। उसने आवाज लगाने के साथ कुंडी खटखटाई। लेकिन अंदर से कोई आहट नही हुई। रूबी ने जंगले से झांक कर देखा तो उसका शव फंदे पर लट कर रहा था। रूबी ने घटना की जानकारी अपने घरवालों को दी। मौके पर पहुंचे बाबा कुुंडी तोड़ कर कमरे के अंदर पहुंचा देखा तो उसका शव फंदे पर लटका मिला। घरवालों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पड़ोसी जगदीश ने बताया कि सात साल पहले बीमारी से उसके पिता की मौत हो गई थी। तीन साल पहलेे उसके बड़े भाई की भी मौत हो चुकी है। मां संगीता के नाम ढाई बीघा जमीन है। मां किसानी करके अपने परिवार का भरण पोषण करती है। घटना के समय घर मे कोई नहीं था। मां सरसो काटने खेत गई थी। खुदकुशी करने से पहले लक्ष्मी ने अपने हाथ की कलाई में पेन से लिखा था कि मां मुझे माफ करना। इसके बाद वह फंदे पर झूल गई। इधर परिजनों ने घटना को लेकर अनभिज्ञता जताई है। उनका कहना है कि उसने फांसी क्यो लगाई,यह उन्हें नहीं मालूम। मौत के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।