जनपद के सभी तहसीलों में समाधान दिवस आयोजित हुआ। जहां पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनी। साथ ही उनका निराकरण कराया। आयुक्त तथा डीआईजी ने नरैनी तहसील में जनसुनवाई की।
आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल अजीत कुमार तथा पुलिस उप महानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस0 ने तहसील नरैनी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर जनसुनवाई की। इस दौरान आयुक्त तथा डीआईजी ने कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण भी कराया। इस दौरान आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि दूर-दराज से आये फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता के साथ उनका निस्तारण कराये। समाधान दिवस में कुल 40 शिकायतें आई। जिनमें से मुख्य रूप से पेंशन स्वीकृति,विद्युत बिल संशोधन,परिवार रजिस्टर में नाम जोड़े जाने, नाली निर्माण तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। आयुक्त के द्वारा उपजिलाधिकारी नरैनी अमित शुक्ला को निर्देशित किया गया कि प्राप्त समस्त प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करते हुए निस्तारण आख्या 03 दिवस के भीतर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध करायी जाये। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नही की जायेगी। डीआईजी राजेश एस ने कहा पुलिस तथा राजस्व के अधिकारी सामांजस्य बनाकर शिकायतों का समाधान कराएं। इस दौरान एसडीएम अमित शुक्ला, सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। पैलानी तहसील में समाधान दिवस अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेन्द्र की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। उनके समक्ष कुल 38 शिकायतें आई। जिसमें से चार शिकायतों का अपर जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव में निस्तारण कराया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए एसडीएम अंकित वर्मा को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सदर तहसील में समाधान दिवस एसडीएम नमन मेहता की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। एसडीएम नमन मेहता तथा सहायक एसपी मेविस टॉक ने समस्याये सुनते हुए आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया। अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए उनके द्वारा टीमें गठित की गई। बबेरू तहसील में एसडीएम अवनीश त्यागी तथा सीओ सौरभ सिंह ने जनसुनवाई करते हुए चार शिकायतें निस्तारित कराई इस दौरान कुल 28 शिकायतें आई।