मुजफ्फरनगर पुलिस ने मुठभेड़ में 50 हजार के ईनामी बदमाश को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। वहीं उसका साथी भागने में सफल रहा। वहीं गोली के लगने से पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित बुढ़ाना में पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी अमजद मारा गया। दरोगा संदीप और सिपाही अशफाक घायल हुए हैं। एसपी देहात आदित्य बंसल की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी है। वहीं बदमाश का साथी फरार हो गया। एसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के करीब तीन बजे बुढ़ाना में थाना बुढ़ाना,थाना तितावी और थाना शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम की बाइक सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने बदमाशों को रोकने का इशारा किया तो उन्होंने अचानक फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसोली का रहने वाला अमजद घायल हो गया, जबकि उसका साथी भाग गया। बदमाश से एक पिस्टल और कार्बाइन बरामद हुई है। घायल अमजद को बुढ़ाना सीएचसी ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। वह अन्तर्राज्यीय स्तर का अपराधी था। उसके विरुद्ध मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर,सहारनपुर,शामली, बागपत,गाजियाबाद समेत कई जिलों में हत्या,लूट, चोरी,गैंगस्टर जैसी संगीन धाराओं में लगभग 40 मुकदमे दर्ज हैं। वह बुढ़ाना कोतवाली में दर्ज लूट के दो मामलों में वांछित चल रहा था। मुठभेड़ में बुढ़ाना कोतवाली के दरोगा संदीप और सिपाही अशफाक घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी देहात आदित्य बंसल की बुलेटप्रूफ जैकेट और उनकी गाड़ी में गोली लगी है। पुलिस ने कुछ जेवर एवं अन्य दस्तावेज भी बदमाश के पास से बरामद किए हैं। वहीं भागे बदमाश की तलाश जारी है।