बिना शादी के किशोरी माँ बन गई। नवजात को जन्म देने के बाद उसे पन्नी में बांधकर फेंक दिया। पुलिस ने नवजात बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं आरोपी को भी पकड़ लिया है।
फिरोजाबाद के थाना नगला खंगर क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी बिन ब्याही मां बन गई। उसने पाप छिपाने के लिए जन्मी नवजात बच्ची को प्लास्टिक की पन्नी में बंद करके खुले मैदान में फेंक दिया था। पुलिस ने मामले की जांच की तो हकीकत सामने आ गई। पुलिस ने परिजन की तहरीर के आधार पर आरोपी शादीशुदा युवक के खिलाफ दुष्कर्म, एससीएसटी एक्ट एवं भ्रूण की हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्जकर जेल भेजने की कार्रवाई की है। थाना प्रभारी नगला खंगर गिरीश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव के बाहर मैदान में एक फरवरी को एक नवजात बालिका प्लास्टिक की पन्नी में बंद मिली थी। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ ने उक्त बालिका को लाकर उसका उपचार के लिए भर्ती करा दिया। उसका कोई जब दावेदार नहीं निकला तो पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की। सच्चाई सामने आने पर नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।