दिल्ली में पुलिसकर्मी से सरकारी पिस्टल छीनकर भागने वाले को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में बदमाश ने दिल्ली पुलिस के आईपीएस और एक इंस्पेक्टर को निशाना बनाकर सीधी फायरिंग कर दी। लेकिन गोली बुलेट प्रूफ जैकेट में जाकर धंस गईं।
एसएसपी फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित ने बताया कि थाना टूंडला क्षेत्र के राजा का ताल बाईपास पर हुई मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी बदमाश अविनाश उर्फ जानू निवासी सावित्री नगर, मालवीय नगर दिल्ली को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि आरोपी अविनाश उर्फ जानू ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सफदरगंज एन्क्लेव थाना क्षेत्र में एक बीट पुलिस अधिकारी पर हमला कर उसकी सरकारी पिस्टल 22 जनवरी को छीन ली थी। इस वारदात में उसका एक साथी और शामिल था। दिल्ली पुलिस की टीम सर्विलांस लोकेशन के आधार पर उसके पीछे लगी थी। उसकी लोकेशन राजा का ताल, टूंडला में मिली थी। टूंडला और दिल्ली पुलिस ने अविनाश उर्फ जानू राजा की घेराबंदी की तो उसने फायरिंग कर दी। दिल्ली पुलिस के एसीपी आईपीएस मेलविन वर्गिस और स्पेशल ऑपरेशन दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के निरीक्षक रामकुमार बाल-बाल बचे। बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में दोनों जवानों की बुलेट प्रूफ जैकेट में जाकर गोली धंस गईं, जिससे उनकी जान बाल-बाल बची। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी हैं। उसके पास से लूट की पिस्टल और एक्टिवा (स्कूटी) बरामद की गई है। टूंडला थाने में मुठभेड़ के संबंध में अविनाश उर्फ जानू के खिलाफ पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। उसके विरुद्ध लूट सहित कई मुकदमे दर्ज है। पहली लूट आरोपी ने प्रेमिका के शौक पूरे करने के लिए की थी। इसके बाद वह महंगे शौकों के कारण अपराध के दलदल में फंसता चला गया।