बरेली-इवेंट मैनेजर की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी फिजियोथेरेपिस्ट को गिरफ्तार कर लिया है। शराब पीने के बाद पूजा ने नशे की हालत में कई जगह कार भिड़ा दी। इसी को लेकर आरोपी ने उसकी हत्या करने के बाद शव को दफना दिया। बरेली में इवेंट मैनेजर पूजा राना की हत्या के आरोपी विमल दिवाकर ने खुद को बचाने के लिए बहुत होशियारी दिखाई, लेकिन अपने बुने जाल में फंसता चला गया। वह एक सप्ताह से पुलिस को गुमराह कर रहा था, लेकिन जब एसओजी ने कार में पूजा के साथ बैठकर जाते हुए उसकी फुटेज दिखाई तो वह तोते की तरह सच उगलता चला गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पूरी कहानी बयां कर दी। उसने दावा किया कि वह और पूजा दोनों नशे में थे। पूजा ने उसके रुपये देने से इन्कार कर दिया और फिर उसकी कार खुद चलाकर दो-तीन जगह टक्कर मार दी तो उसे गुस्सा आ गया। उसने मफलर से गला कसकर पूजा की हत्या कर दी। कार में लाश लेकर काफी देर तक घूमता रहा। खुद को बचाने के लिए गलतियां करता और निशान छोड़ता रहा। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी विमल दिवाकर ने बताया कि 12 जनवरी को डोहरा रोड के एक बरातघर में इवेंट था। दोपहर तीन बजे पूजा उससे मिली। वह अपनी कार से था। दोनों रामगंगानगर की निर्माणाधीन कॉलोनी के पास कार घुमाते रहे। उसके पास कुछ बीयर थीं, जिसे दोनों ने पी ली। नशा चढ़ा तो पूजा उसे हटाकर कार चलाने लगी। इस दौरान पूजा ने दो-तीन बार कार को कभी दीवार तो कभी पेड़ से टकरा दिया। इससे वह घबरा गया। इससे पहले उसने पूजा पर बकाया अपने 25 हजार रुपये मांगे तो उसने हिसाब बराबर होने की बात कही। आरोपी के मुताबिक वह सिगरेट पीने के बहाने कार से उतरा। इस दौरान अंधेरा हो चुका था। वापस कार में आया तो उसने ड्राइवर सीट कब्जा ली। कार थोड़ा बढ़ी तो पूजा को झपकी आने लगी। तब उसने अपने मफलर से उसका गला कस दिया। पूजा निढाल होकर सीट पर गिरी तो उसने देखा कि उसकी सांसें थम चुकी हैं। तब उसका नशा काफूर हो गया। वह काफी देर शव को कार में लेकर घूमता रहा। फिर रिठौरा-भोजीपुरा मार्ग से काफी अंदर जाकर निर्जन स्थान पर शव दफना दिया। आरोपी विमल ने सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव को बताया कि हत्या से लेकर शव व स्कूटी ठिकाने लगाने तक में उसका एक और साथी भी शामिल रहा जो इज्जतनगर इलाके का निवासी है। पूजा की स्कूटी एग्जीक्यूटिव क्लब के पास खड़ी थी। अगले दिन विमल व उसका साथी इस स्कूटी को लेकर निकल गए। उन्होंने पीलीभीत के पूरनपुर इलाके की शारदा नहर में स्कूटी फेंक दी। शुक्रवार को इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने विमल को लेकर स्कूटी भी क्रेन से निकलवा ली। इधर मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी फिजियोथेरेपिस्ट विमल को पुलिस ने पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया है।