ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो अभियुक्तों को पकड़ा है। जिन्होंने पुरानी रंजिश को लेकर एमआर की चापड़ से हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद शव को जंगल मे फेंककर फरार हो गए थे।
जानकारी के अनुसार नरैनी कोतवाली क्षेत्र के जमवारा जंगल मे विगत 17 जनवरी की दोपहर एक युवक शव पड़ा मिला था। उसके शरीर मे गम्भीर चोट के निशान थे। जिससे यह स्पष्ट था कि उसकी नृशंस हत्या की गई है। मृतक की पहचान तौहीद हसन पुत्र मकसूद हसन निवासी मोहल्ला कटरा जनपद पन्ना म0प्र0 के रूप में हुई थी। घटना के खुलासे को लेकर एसपी पलाश बंसल ने सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमे लगाई थी। सीओ कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि दिनांक 17.01.2026 को थाना नरैनी पर ग्राम जमवारा में एक अज्ञात शव बरामद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त एवं पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया था। इसी क्रम में मृतक द्वारा पहने गये पैंट के LOGO के माध्यम से छानबीन करते हुए शव की पहचान तौहीद हसन पुत्र मकसूद हसन निवासी मोहल्ला कटरा जनपद पन्ना म0प्र0 के रुप में की गई। जिसके सम्बन्ध में मृतक के चाचा महमूद हसन की तहरीर पर थाना नरैनी में अभियोग पंजीकृत करते घटना के अनावरण हेतु टीमों का गठन किया गया था। जांच के क्रम में ज्ञात हुआ कि अभियुक्तों द्वारा पुरानी रंजिश के चलते चापड़ से युवक की हत्या कर शव को फेंक दिया गया था। पुलिस द्वारा मंगलवार को हत्या की घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त राशिद खान पुत्र अब्दुल हमीद निवासी बेली सागर वार्ड नं0 14 मकान नं0 345 पन्ना बस स्टैण्ड मेन रोड थाना पन्ना कोतवाली जनपद पन्ना (म0प्र0),आनन्द कुमार पटेल पुत्र परमानन्द पटेल निवासी नाइस ट्रेडर्स के पास नजीराबाद मैहर रोड जनपद मैहर सतना
को पन्ना-म0प्र0 बार्डर करतल से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों की निशादेही पर हत्या की घटना में प्रयुक्त एक चापड़,मृतक का मोबाइल फोन व घटना के समय अभियुक्त राशिद का पहना हुआ खूनालूद शर्ट भी बरामद कर लिया गया है। सीओ ने बताया कि मृतक की राशिद से पुराना विवाद था। इसी को लेकर उसने तौहीद को मारने का प्लान बनाया था। मृतक एमआर था। वहीं अभियुक्त राशिद मेडिकल स्टोर की दुकान खोले हुए है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संदीप तिवारी,उप निरीक्षक सुबेदार बिन्द,आरक्षी अंकित कुमार सिंह,जितेन्द्र यादव,रुपेन्द्र सिंह शामिल रहे।