कलश यात्रा के दौरान रायफल महिलाओं के साथ हुई टप्पेबाजी/चोरी घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने अन्तर्राज्यीय गैंग के आठ सदस्यों को पकड़ा है। जिनके कब्जे से चोरी के मंगलसूत्र तथा चेन बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण लगाये जाने तथा विभिन्न अभियोगों में वांछित चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के मार्गदर्शन एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा मेले/कथा/प्रवचन/कलश यात्रा आदि में टप्पेबाजी/चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अन्तरजनपदीय गिरोह के 08 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सहायक एसपी मेविस टॉक ने बताया कि विगत 15 दिसम्बर को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में कलश यात्रा के दौरान रामलीला मैदान और रायफल क्लब मैदान अलीगंज से अज्ञात चोरो के गिरोह के द्वारा महिलाओं के गले से मंगलसूत्र व जंजीर की चोरी/टप्पेबाजी की गई थी। घटना के खुलासे को लेकर एसपी पलाश बंसल ने अलग-अलग टीमे लगाई थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद अभियुक्तों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे थे। इसी क्रम में थाना कोतवाली नगर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि अतर्रा रोड बाइपास के पास एक सफेद रंग के चारपहिया वाहन में कुछ संदिग्ध पुरुष व महिलाएं है। जो घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबन्दी करते हुए विनोद कुमार पुत्र जिउतराम निवासी परसही गाजीपुर,अजय कुमार पुत्र फूलचन्द्र निवासी हिरामनपुर थाना सिंधोरा जनपद वाराणसी, सोनी पत्नी विनोद निवासी हिरामनपुर थाना सिंधोरा जनपद वाराणसी,मीना पत्नी रामआसरे निवासी हिरामनपुर थाना सिंधोरा जनपद वाराणसी,आशा पत्नी अनिल निवासी त्रिलोचन महादेव थाना जलालपुर जनपद जौनपुर,कमली पत्नी नखरु हिरामनपुर थाना सिंधोरा जनपद वाराणसी,गीता पत्नी राजकुमार निवासी हिरामनपुर थाना सिंधोरा जनपद वाराणसी,रुपा पत्नी शिन्टू निवासी हिरामनपुर थाना सिंधोरा जनपद वाराणसी को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से सोने के 07 मंगलसूत्र व पीली धातु की 01 जंजीर आदि बरामद हुई है। बरामद मंगलसूत्र, जंजीर व चारपहिया गाड़ी के बारे में कड़ाई से पूछताछ की गई तो उनके द्वारा बताया गया कि सभी लोग आपस में एक दूसरे के रिश्तेदार है तथा जहां कहीं भी मेला,कथा, प्रवचन,कलश यात्रा आदि का आयोजन होता है। सभी एक साथ चारपहिया गाड़ी से जाते है और दो ग्रुप बनाकर भीड़ में शामिल होकर महिलाओं के आभूषणों आदि की चोरी की घटना को अंजाम देते है। अभियुक्तों ने बताया कि कलश यात्रा के दौरान चोरी की गई थी। इसके बाद उनका गिरोह मवई चौराहा स्थित कथा पण्डाल में जाकर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले थे। इसी दौरान सभी को पकड़ लिया गया। सहायक एसपी मेविस टॉक ने बताया कि विस्तृत जांच की जा रही है कि इनके द्वारा और कहां-कहां और किन-किन जनपदों में टप्पेबाजी/चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह,यज्ञनारायण भार्गव चौकी प्रभारी बलखण्डीनाका,अरविंद कुमार मौर्य चौकी प्रभारी अलीगंज,उप निरीक्षक प्रवेश कुमार,रश्मि सिंह,आरक्षी राकेश चन्द्र कुशवाहा,फिरोज अंसारी,दीपक कुमार,प्रियंका चौधरी,शागुफ्ता,निशा कुमारी शामिल रही।