घर मे घुसे बदमाशों ने रिटायर्ड लेखपाल के घर को निशाना बनाते हुए बेटों और बहू को बंधक बनाकर 50 लाख की लूट की। लूटपाट करने के बाद बदमाश भाग गए। पुलिस जांच में जुटी है। खुलासे को लेकर एसपी ने कई टीमे लगाई है।
घटना सीतापुर जनपद के तालगांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव की है। गांव निवासी अमर सिंह वर्मा लेखपाल के पद से रिटायर्ड हैं। शनिवार की देर रात उनके घर सात बदमाश घुस आए। बेटों और बहू को बंधक बनाकर लूटपाट की। इसके बाद फुर्र हो गए। रविवार की सुबह पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। अमर सिंह ने बताया कि देर रात असलहों से लैस बदमाश उनके घर में घुसे। बेटे पुष्कर व अजय को बंधक बना लिया। बहू को भी बंधक बना लिया। इसके बाद असलहे के दम पर करीब 7 लाख की नकदी समेत 50 लाख का माल लूट ले गए। एसपी ने लिया जायजा,टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना पर एसपी अंकुर अग्रवाल और सीओ लहरपुर ब्रजेश कुमार पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना करके घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकिलत किए। पुलिस टीम ने घरवालों से बात करके जानकारी ली। पीड़ित पुष्कर वर्मा ने बताया कि रात करीब 1 बजे वह जग रहे थे। बदमाशों के आने की कोई आहट नहीं मिली। कुछ देर बाद अचानक एक बदमाश ने रजाई खींची। इसके बाद गले में पड़ी चेन खींच ली। असलहे के दम पर बंधक बना लिया। इसके बाद 7 लाख नकद और जेवर लूटकर फरार हो गए। जानकारी लेने के बाद एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया है। चार से पांच लाख कैश और 10 से 12 लाख के जेवर बदमाश ले गए हैं। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश में लगा दी गई हैं। कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।