हाईवे पर सेमरी टोल प्लाजा के आगे बरल गांव के पास गुटखा कारोबारी के मुंशी सर्वेश कुशवाहा से बाइक सवार दो बदमाश फिल्मी स्टाइल में रुपयों से भरा बैग लूट ले गए। लूटपाट करने के बाद बदमाश झांसी की ओर भाग निकले। कई संदिग्धों को उठाकर पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी हुई है।झांसी कोतवाली के सुभाषगंज के जुगयाना मोहल्ला निवासी विष्णु गुप्ता गुटका के नामी कारोबारी हैं। उनके यहां उरई निवासी सर्वेश कुशवाहा मुंशी है। झांसी समेत आसपास के जनपदों में वह तकादे की रकम वसूलने जाता था। सर्वेश ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर रक्सा निवासी विकास पाल के साथ कार से तकादे के लिए निकला था। उन लोगों ने पहले उरई एवं एट में व्यापारियों से पैसा लिया। इसके बाद झांसी में आकर पूंछ एवं समथर में कारोबारी पवन गुप्ता से तकादे की रकम ली। पूरा पैसा एक बैग में रखकर इसे देने वह झांसी आ रहे थे। शाम करीब 6:45 बजे जैसे ही वह लोग झांसी-कानपुर हाईवे के रास्ते सेमरी टोल प्लाजा के आगे बरल गांव के पास पहुंचे, पीछे से आई एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार रोक ली। दोनों बदमाशों ने धमकाते हुए कार का दरवाजा खुलवाया। सर्वेश के हाथ से रुपयों भरा बैग छीन लिया। जान से मार डालने की धमकी देते हुए दोनों झांसी की ओर भाग निकले। करीब 45 मिनट बाद सर्वेश ने घटना की सूचना दी।
कारोबारी विष्णु गुप्ता भी आ गए। एसपी आरए एवं सीओ मोंठ अजय श्रोत्रिय ने मुंशी से घटना की जानकारी ली। बदमाशों की धर पकड़ के लिए नाकेबंदी करके चेकिंग शुरू कराई गई। एसपी आरए डा. अरविंद कुमार का कहना है कि बैग में कितनी रकम थी, यह बात सर्वेश नहीं बता सका है। इसकी जांच की जा रही है। सर्वेश के मुताबिक वारदात के बाद बदमाश झांसी की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।