कानपुर-कारगिल पार्क के बेसकीमती जेबीएल के स्पीकर चोरी,विभाग कर मामले में लीपापोती

SHARE:

सुरक्षा कर्मी सोते रहे और चोर कारगिल पार्क के कीमती स्पीकर चोरी कर ले गए। पुलिस मामले की छानबीन जुटी हुई है।
कानपुर के कारगिल पार्क में पूर्व सैनिक सोते रहे और चोर एक के बाद एक 4.16 लाख कीमत के कुल 16 स्पीकर चुरा ले गए। इसमें मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। उधर, 11 दिन बाद भी नगर निगम ने सीसीटीवी कैमरे दिखवाकर चोरों का पता लगाना, तो दूर लीपापोती की कोशिश शुरू कर दी। पार्क में 24 घंटे पूर्व सैनिक तैनात रहते हैं। कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (केएससीएल) ने पांच साल पहले करीब पांच करोड़ रुपये से कारगिल पार्क का सुंदरीकरण कराया था।सिंथेटिक पाथवे, आकर्षक लाइटें, सीसीटीवी कैमरे, चिल्ड्रेन पार्क, एलसीडी युक्त कंट्रोल रूम, विश्व स्तरीय म्यूजिक सिस्टम कंपनी जेबीएल का म्यूजिक सिस्टम लगाया गया। पार्क में चारों तरफ पाथवे के किनारे सिस्टम से जुड़े कुल 106 स्पीकर लगाए गए थे। कंट्रोल रूम से संचालित म्यूजिक दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहता था। पार्क में तैनात सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही के चलते चोर 16 स्पीकर खोल ले गए।
वेतन पर प्रतिमाह 2.16 लाख रुपये खर्च होते हैं
चोरों ने इन्हें नटबोल्ट, पेंच से खोलने के साथ ही इनकी भूमिगत केबल भी काटी। यह हाल तब है जब नगर निगम की तरफ से कारगिल पार्क में सुरक्षा के लिए 12 पूर्व फौजी तैनात किए गए हैं। इनमें से चार सुबह, चार शाम और अन्य चार की रात में ड्यूटी रहती है। इनके वेतन पर प्रतिमाह 2.16 लाख रुपये खर्च होते हैं। पार्क में अक्सर घूमने आने वाले दर्शकों ने बताया कि ज्यादातर गार्ड गेट मुख्य द्वार के बगल में कुर्सियां डालकर बैठे रहते हैं। दिन तो दूर रात में भी वे पूरे पार्क का चक्कर नहीं लगाते, जिसकी वजह से चोरों को मौका मिला।
सुपरवाइजर ने पांच स्पीकर चोरी की दी सूचना
नगर निगम में सुरक्षा के नाम पर तैनात 82 पूर्व फौजियों के सुपरवाइजर बलवान सिंह ने नगर निगम के उद्यान अधिकारी को चोरी की सूचना दी। पत्र में 16 स्पीकर के बजाय पांच स्पीकर चोरी होने का उल्लेख किया। सुपरवाइजर के अनुसार 20 दिसंबर की रात में पांच स्पीकर चोरी हो गए जिसकी जानकारी 21 दिसंबर को गार्ड ने दी। उसने चोरों को पकड़ने में मदद के लिए लाजपतभवन में लगे सीसीटीवी कैमरों से जांच की संस्तुति की है। अर्पित उपाध्याय, नगर आयुक्त ने कहा कि कारगिल पार्क में चोरी की जांच कराई जाएगी। चोरों का पता लगाया जाएगा। जांच में यदि मिलीभगत का पता चला तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई