शराब पीने के दौरान हुए विवाद पर साथी ने युवक के सिर पर ईंट मारकर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक तिंदवारी दीपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कुरसेजा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मिरगहनी गाँव में विगत 21 दिसंबर को दुर्विजय पुत्र चुन्नू विश्वकर्मा एवं दीपू पुत्र योगेन्द्र निवासीगण ग्राम मिरगहनी थाना तिन्दवारी आपस में बैठकर शराब पी रहे थे। उसी दौरान शराब पीने तथा पिलाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान दीपू पुत्र योगेन्द्र यादव ने आवेश में आकर दुर्विजय के सिर पर ईंट से प्रहार कर दिया। जिससे दुर्विजय को गंभीर रूप से घायल हो गया। पर जिन्होंने आनन फानन में घायल को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से पीएचसी तिन्दवारी ले गए।जहाँ प्राथमिक उपचार के उपरांत चिकित्सक द्वारा घायल दुर्विजय को छुट्टी दे दी। 22 दिसंबर को अचानक दुर्विजय की तबीयत दोबारा बिगड़ गई। तत्काल परिजन उसे पीएचसी तिन्दवारी लेकर पहुंचे। जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। मौत की सूचना घर वालों ने पुलिस को दी। मामला संज्ञान में आते ही एसपी पलाश बंसल ने प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह को तत्काल मुकदमा दर्ज करने के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इधर घटना के बाद आरोपी भागने की फिराक में था। सूचना पर तत्काल कुरसेजा चौकी प्रभारी रोशनी सेंगर टीम के साथ पहुंची और आरोपी दीपू यादव को धर दबोचा। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने अभियुक्त को जेल भेज दिया है। पकड़ने वाली टीम में कुरसेजा चौकी प्रभारी रोशनी सेंगर तथा मुख्य आरक्षी बृजेश कुमार शामिल रहे।