आमने-सामने दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। वही उसकी मां तथा बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। मां की हालत गंभीर होने के कारण उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया है।
कमासिन थाना क्षेत्र के कटार गांव निवासी 25 वर्षीय झल्लर पुत्र गुलाब बुधवार को अपनी 45 वर्षीय मां आशा,16 वर्षीय बहन सोनी के साथ सिमौनी धाम मेला देखने आया था। शाम को तीनो लोग बाइक में वैठकर गांव जा रहे थे। तभी खरौली गांव के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से आमने सामने भिडंत हो गई। जिससे तीनो लोग घायल हो गए। तीनो को सीएचसी बबेरू में भर्ती कराया गया। जहां हालत में सुधार न होनेे पर तीनो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरो ने देखने के बाद झल्लर को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही घरवालो में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उधर मां की हालत नाजुक होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। मृतक के बहनोई उमेंश सिंह ने बताया कि मृतक चार भाईयो में दूसरे नबंर का था। उसके पिता की 2016 में मौत हो चुकी है। तीन साल पहले बड़े भाई कल्लू की मौत हो चुकी है। झल्लर दुबई में रह कर पेट्रोल पंप में काम करता था। वह चार माह पहले गांव आया था। उसे एक पखवारा बाद वापस दुबई जाना था। उसके जहाज का टिकट भी हो गया था। बहन मोहनी की इसी वर्ष शादी करना था। उसके लिए लडके की तलाश की जा रही थी। हादसे के बाद परिवार में हाहाकार मचा हुआ है।