एजेंट के साथ मारपीट करने के साथ लूटपाट करने के मामले में फरार चल रहे एक और अभियुक्त को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से लूट का माल व तमंचा बरामद हुआ है। घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है।
कोतवाली देहात थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि जनपद हरदोई के रहने वाले चन्द्रप्रकाश द्वारा विगत 5 अगस्त को पुलिस को सूचना दी गई थी कि वज थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत किराये के मकान में रहता है। तथा डायरेक्ट सेलिंग एजेंट के रुप में लोन दिलवाने का कार्य करता है। कुछ दिन पूर्व 04 व्यक्तियों द्वारा लोन करवाने के बहाने उसे ग्राम गुरेह के पास ले जाकर उसके साथ मारपीट कर 14 हजार रुपये,लैपटॉप व दो मोबाइल फोन छीन कर भाग गये थे। सूचना पर तत्काल थाना कोतवाली देहात पर अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। जिसके क्रम में 6 अगस्त को कल्लू पुत्र अहमद निवासी परशुराम तालाब थाना कोतवाली नगर को पूर्व मे ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जिसके कब्जे से लूट के 14000/ रुपए बरामद किए गए थे। अन्य एक अभियुक्त नईम की तलाश जारी थी। सोमवार को थाना कोतवाली देहात पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर बुंदेलखण्ड एक्सप्रेसवे के नीचे तिंदवारी रोड़ से घटना में शामिल अभियुक्त नईम अली पुत्र मोहम्मद खालिक निवासी परशुराम तालाब थाना कोतवाली नगर
को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से लूट का पूरा सामान पुलिस ने बरामद किया है। साथ ही अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है। घटना में शामिल अन्य 02 वांछित अभियुक्त आशीष पुत्र भूपत व अशरफ निवासीगण थाना गिरवां की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभियुक्त के कब्जे से लैपटॉप,02 एंड्रॉइड फोन,1 अदद तमंचा 315 बोर,01 अदद जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोतवाली देहात चन्द्रप्रकाश तिवारी,उप निरीक्षक अंकुर खारी,आरक्षी सचिन पटेल,ऋषिराज शामिल रहे।