जनपद के सभी थाना एवं कोतवालियों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। जहां पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनी। साथ ही उनका निराकरण कराया।
जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिये आदेशों के क्रम में शनिवार को जनपद के समस्त थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जहां पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा थानों में जनता की शिकायतें सुनी। इसके साथ ही उन्होंने निस्तारण के निर्देश दिए। थाना समाधान दिवस पर मण्डलायुक्त चित्रकूटधाम मण्डल अजीत कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस., जिलाधिकारी जे0 रीभा व पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के द्वारा थाना बबेरु में जनता की शिकायतों को सुन उनके निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। उनके समक्ष कुल 5 शिकायते आई। जिसमें से एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारी कर्मचारियों को समय से शिकायतों के निस्तारण के निर्देश भी दिए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र,एसडीएम अविनाश त्यागी सीओ सदर राजवीर सिंह,अतर्रा प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने तिंदवारी थाने में बैठकर जनसुनवाई की। इस दौरान चार शिकायते आई। एसडीएम सदर नमन मेहता,सीओ यातायात प्रतिज्ञा सिंह ने कोतवाली नगर में बैठकर शिकायतें सुनते हुए दो मामलों को मौके पर निस्तारण कराया। शेष मामलों को निस्तारण के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया। क्षेत्राधिकारी नरैनी कृष्णकांत त्रिपाठी द्वारा थाना गिरवां में जनता की शिकायतों/समस्याओं को सुन उनका निस्तारण किया गया। सीओ अतर्रा प्रवीण कुमार ने अतर्रा थाने बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान कुल आठ शिकायते आई। जिसमें से पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक ऋषि देव सिंह आदि मौजूद रहे। थाना समाधान दिवस पर जनपद में कुल 64 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें से 20 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु टीमों का गठन किया गया।