सीएचसी के निरीक्षण के दौरान आधा दर्जन स्टॉफ गायब मिला। जिस पर कमिश्नर ने नाराजगी जताने के साथ कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल के आयुक्त अजीत कुमार ने शनिवार को तहसील बबेरू में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसील सभागार में लगभग 60 कर्मचारी डिजिटाइजेशन कार्य करते मिले।उपजिलाधिकारी बबेरू ने आयुक्त को प्रगति का बारे में अवगत कराते हुए बताया कि अब तक डिजिटाइजेशन का कार्य 52 प्रतिशत पूरा हो चुका है। तथा प्रयासरत टीम इसे कल तक 60 प्रतिशत तक पहुँचाने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है। आयुक्त अजीत कुमार ने प्रगति को और तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने दो बीएलओ भाग संख्या 121 (मुरवल) के उमेश कुमार तथा भाग संख्या 348 (पिस्टा) के बालमुकुंद तिवारी के कार्यों का विशेष रूप से अवलोकन किया। जिनकी प्रगति क्रमशः 18 प्रतिशत एवं 20 प्रतिशत पाई गई। आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि सबसे न्यून प्रगति करने वाले बीएलओ की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आवश्यकतानुसार ऐसे बीएलओ के साथ अतिरिक्त कर्मचारी लगाए जाएँ। तथा उन्हें प्रोत्साहित कर निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराये। निरीक्षण के उपरांत आयुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 6 कर्मचारी अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। इस पर आयुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बांदा को निर्देश दिए कि अनुपस्थित कर्मचारियों से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करे। उन्होंने कहा स्वास्थ्य व्यवस्था में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कि जायेगी।