कलयुगी माँ तथा भाई ने अपनी बेटी का सौदा कर उसे हरियाणा के युवक को बेंच दिया और उसका दूसरा विवाह भी करा दिया। कार्यवाही करते हुए पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बाकी अन्य की तलाश जारी है।
मंगलवार को थाना एंटी ह्युमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा महिला को 01 लाख 38 हजार रूपए मे खरीद व जबरन विवाह करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि जनपद चित्रकूट की रहने वाली एक पीड़िता द्वारा थाना एएचटीयू पर दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि दिनांक 20 नवम्बर को उसकी माता मुन्नी एवं भाई जयनारायण ने उसे जनपद बांदा लाकर जबरन हरियाणा के कृष्ण कुमार पुत्र शिवराम नामक एक अनजान व्यक्ति को ₹1,38,000/- में बेच दिया है। बेचने के बाद उसकी जबरन शादी भी करा दी है। जबकि पीड़िता पूर्व से ही शादीशुदा है । पीड़िता द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों एवं प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गई।विवेचना के दौरान एकत्र पीड़िता के विस्तृत बयान, भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों,तथा अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम लगातार आरोपितों की तलाश में सक्रिय थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार पुत्र शिवराम निवासी वासवार थाना हसनपुर तहसील होडल हरियाणा को मंगलवार को रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के आगे से गिरफ्तार कर लिया है। शेष सह-अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा घटना से जुड़े मानव तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियों की पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय,आरक्षी प्रशान्त कुमार,स्वेतलाना मौर्य शमिल रही।