विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण एसआईआर कार्यों का
आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल अजीत कुमार ने तहसील सहित बूथों का औचक निरीक्षण किया। जहां कमिश्नर ने कार्य की प्रगति परखी।
रविवार को सदर तहसील में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण एसआईआर के सम्बंधित स्थापित कंट्रोल रूम का कमिश्नर ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो महिला लेखपाल फार्म संग्रह कार्य हेतु उपस्थित पाई गईं। लेकिन डिजिटाइजेशन कार्य से सम्बंधित कोई कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं मिला। जिस पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। इसके उपरान्त आयुक्त द्वारा जिला कॉन्टैक्ट सेंटर का निरीक्षण किया गया। मौके पर दो कर्मचारी उपस्थित मिले। कर्मचारियों ने बताया कि दूरभाष एवं ऑनलाइन माध्यम से अब तक 126 कॉल प्राप्त हुई हैं। जिनका समुचित निस्तारण किया जा रहा है। इसके बाद आयुक्त द्वारा क्षेत्र में कार्यरत दो बीएलओ के कार्यों का मौके पर जाकर अवलोकन किया गया।बीएलओ जसवंत सिंह परिहार, भाग संख्या–41 स्वराज कालोनी, शहर बाँदा ने बताया कि उनके बूथ पर कुल 1006 मतदाता हैं। जिनके सापेक्ष 200 फार्म संग्रहित किए जा चुके हैं। द्वितीय बीएलओ रवि गुप्ता भाग संख्या–40 कालूकुआँ ने बताया कि उनके बूथ पर कुल 1100 मतदाता हैं।जिनके सापेक्ष अभी तक 127 फार्म संग्रहित किए गए हैं। आयुक्त ने मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी सदर नमन मेहता को निर्देशित किया कि बीएलओ स्तर पर कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है। कार्य मे और भी सुधार लाये। उन्होंने निर्देशित किया कि बीएलओ के कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए तथा तहसील स्तर पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती कर निर्धारित समयावधि के भीतर एसआईआर कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि प्रगति में सुधार न होने पर वह कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। इसी क्रम में आयुक्त द्वारा तहसील पैलानी में स्थापित कंट्रोल रूम का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। जहाँ कुल 10 कार्मिक कार्यरत पाए गए। कर्मचारियों ने जानकारी दी कि अब तक 2000 फार्म डिजिटाइज्ड किए जा चुके हैं। तथा वर्तमान में उपलब्ध 800 फार्म का डिजिटाइजेशन कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में कार्यरत बीएलओ के कार्य का अवलोकन करने हेतु आयुक्त ने बीएलओ अभिलाषा भाग संख्या–02 पिपरहरी, क्षेत्र तिंदवारी का भी निरीक्षण किया। बताया गया कि बूथ पर कुल 1372 मतदाता हैं। जिनके सापेक्ष केवल 50 फार्म संग्रहित किए गए हैं। इस स्थिति पर आयुक्त ने उपजिलाधिकारी, पैलानी को निर्देश जारी किए कि कार्य की प्रगति में सुधार लाये।