निरीक्षण के दौरान सहकारी समिति में खाद का स्टॉक न मिलने पर कमिश्नर ने गहरी नाराजगी जताई है। जिस पर उन्होंने सहायक का जवाब तलब किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि हर पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास करें। पात्रता के आधार पर कमिश्नर ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ दिलाए जाने के लिए निर्देशित किया है।
चित्रकूटधाम मण्डल के आयुक्त अजीत कुमार ने शुक्रवार को जनपद बांदा के विकासखंड कमासिन एवं बबेरू क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान आयुक्त अजीत कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार की सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ पहुंचाए।

विकासखंड कार्यालय कमासिन केनिरीक्षण के दौरान आयुक्त अजीत कुमार ने खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश द्विवेदी को निर्देश देते हुए कहा कि विकासखंड प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण),मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण),पेंशन योजना,किसान सम्मान निधि योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को समय से दिलाये जाने की पहल करें।उन्होंने कहा कि सरकारी राशन वितरण प्रणाली पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित की जाए। कोई भी पात्र ग्रामीण राशन से वंचित न रहे, इसके लिए सभी कोटेदारों के कार्यों की नियमित जांच एवं सत्यापन समय-समय पर करें। आयुक्त ने निर्देश दिए कि निराश्रित महिला,वृद्धजन,दिव्यांगजन समाज के सबसे संवेदनशील वर्ग हैं। यह सुनिश्चित कराये कि कोई भी दिव्यांग किसी भी सरकारी योजना जैसे पेंशन,आवास,आयुष्मान भारत या अन्य लाभकारी योजनाओं से वंचित न रहे। खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि दिव्यांगों की विशेष सूची बनाकर उनके हित में योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता और गौशालाओं की देखरेख पर विशेष ध्यान दिया जाए। पंचायत भवन बंथरी के निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान एवं सचिव उपस्थित मिले। सचिव ने आयुक्त को बताया कि पंचायत सहायक द्वारा ग्रामीणों के सभी (कॉमन सर्विस सेंटर) के माध्यम से किए जा रहे हैं। आयुक्त ने निर्देशित किया कि पंचायत भवन में सभी कर्मचारी नियमित रूप से उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करें। आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि पंचायत भवनों में प्रदेश व केंद्र सरकार की सभी योजनाओं की जानकारी वॉल पेंटिंग के माध्यम से दी जाए,ताकि ग्रामीणों को योजनाओं की स्पष्ट जानकारी मिल सके। साथ ही भवन की नियमित साफ-सफाई एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने यह भी कहा कि पंचायत स्तर पर दिव्यांगों की विशेष पहचान एवं सहायता योजना पर सतत निगरानी रखी जाए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन का निरीक्षण करते हुए कमिश्नर ने केंद्र में दवाओं की उपलब्धता,चिकित्सकों की उपस्थिति,स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता संतोषजनक पाई गई। आयुक्त ने निर्देशित किया कि केंद्र में डॉक्टर एवं स्टाफ नियमित रूप से उपस्थित रहें,और यह सुनिश्चित करे कि कोई भी मरीज को अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में महिलाओ,वृद्धजन, दिव्यांगों को प्राथमिकता दी जाए तथा उनके इलाज और सुविधा के लिए विशेष ध्यान रखा जाए। बी-पैक्स केंद्र बबेरू के निरीक्षण के दौरान लेखाकार संगीता देवी उपस्थित मिलीं। उन्होंने बताया कि केंद्र पर यूरिया का स्टॉक समाप्त है, जिसकी मांग दो दिन पूर्व की गई थी। जबकि डीएपी वर्तमान में की 20 बोरी उपलब्ध है। केंद्र पर उपस्थित किसानों ने बताया कि वे पांच दिनों से खाद के अभाव में लौट रहे हैं। इस पर आयुक्त अजीत कुमार ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित सहायक बांदा का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि “सरकार की मंशा है कि विकास योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के प्रत्येक पात्र लाभार्थी,विशेषकर कमजोर वर्ग एवं दिव्यांगजन तक पहुंचे।अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी,संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ करें। जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







